newsहिमाचल की Top 10 खबरें ! 2 जून
02 June 2023 5 mins read

हिमाचल की Top 10 खबरें ! 2 जून

02 June 2023 5 mins read
Himachal news
0

1) हिमाचल की बेटी सीमा ने लिखा नया अध्याय, बनी पहली महिला एचआरटीसी वोल्वो चालक

शिमला : HRTC की पहली महिला चालक सीमा ठाकुर ने अपना सपना कर लिया है। बता दें HRTC की पहली महिला चालक अब पहली महिला एचआरटीसी वोल्वो चालक भी बन गई है। जिला सोलन के अर्की क्षेत्र की 34 वर्ष की सीमा ठाकुर दिल्ली से रोहड़ एचआरटीसी वोल्वो बस लेकर पहुंचीं तो उनका जोरदार स्वागत किया गया। सीमा ठाकुर का सपना था कि वह लग्जरी बस चलाएगी। अपने सपने को साकार अकरने के लिए वह काफी समय से कोशिश भी कर रही थीं। कड़ी म्हणत के बाद आखिरकार उसने अपना सपना साकार कर ही लिया। बता दें दिल्ली से रोहडू और रोहडू से दिल्ली एचआरटीसी वोल्वो बस रोज निर्धारित रूट पर दौड़ती है।

एचआरटीसी के इतिहास में जुदा नया अध्याय

बस दिल्ली से रात को आठ बजे निकलती है और सुबह करीब साढ़े नौ बजे रोहड़ पहुंचती है। ऐसे ही रोहड़ से शाम करीब पांच बजे चलकर सुबह लगभग सात बजे दिल्ली पहुंचती है। गुरूवार को जब ये बस दिल्ली से रोहडू पहुंची तो रोहड़ व जुब्बल आदि क्षेत्रों में जश्न का माहौल हो गया। साथ ही एचआरटीसी के इतिहास में नया अध्याय भी जुड़ गया। पहली बार कोई महिला बस चालक वोल्वो बस लेकर दिल्ली से रोहडू पहुंची है। सीमा ठाकुर का रोहड़ में लोगों ने गर्मजोशी से स्वागत किया।

पिता से थी प्रभावित सीमा

बता दें कि सीमा ने शिमला के कोटशेरा कॉलेज से बीए और एचपीयू शिमला से अंग्रेजी विषय में एमए की है। सीमा के पिता बलिराम भी एचआरटीसी में चालक थे। उन्हीं की प्रेरणा से सीमा ने यह फैसला किया था कि वह भी सरकारी बस चलाएगी। सीमा ठाकुर ने आज से 8 साल पहले हैवी लाइसेंस धारक होने की पात्रता अर्जित की थी।

HRTC में चालक बनने के लिए किया आवेदन

इसके बाद सीमा ने HRTC में चालक बनने के लिए आवेदन किया। बता दें सीमा शिमला शहर में चलने वाली राइड विद प्राइड टैक्सी भी चलाती थीं। जिसके बाद उन्होंने शिमला सोलन के बीच चलने वाली इलेक्ट्रिकल बस चलाई और फिर उन्हें इंटर स्टेट यानि चंडीगढ़ रूट पर भी बस चलाने का मौका दिया गया।

2) सस्ते राशन के डिपो में अब 110 रुपये प्रति लीटर मिलेगा सरसों का तेल

सीएम सुक्खू ने बताया कि प्रदेश सरकार सार्वजनिक वितरण प्रणाली के लाभार्थियों को उपदान दरों पर गुणवत्ता पूर्ण खाद्यान्न प्रदान करवाने हेतु प्रतिबद्ध है। उपभोक्ताओं को राहत प्रदान करते हुए उचित मूल्य की दुकानों के जरिए दिये जाने वाला सरसों का तेल 110 रुपये प्रति लीटर उपलब्ध करवाने का फैसला लिया है। सुक्खू ने कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के लाभार्थियों को सरसों का तेल अब पहले की तुलना में करीब 37 रुपये प्रति लीटर सस्ता उपलब्ध होगा।

सभी वर्गों को राहत प्रदान करने के लिए वचनबद्ध

उन्होंने कहा कि जून से पहले गरीबी रेखा से नीचे लाभार्थियों को सरसों का तेल 142 रुपये प्रति लीटर तथा गरीबी रेखा से ऊपर के लाभार्थियों को 147 रूपये प्रति लीटर की दर से प्राप्त हो रहा था। सीएम कहा कि हिमाचल सरकार समाज के सभी वर्गों को राहत प्रदान करने हेतु वचनबद्ध है। इस दिशा में निरन्तर सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ जन हितैषी फैसले लिये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि उपभोक्ताओं को किफायती दरों पर गुणवत्तापूर्ण खाद्यान्न प्रदान किये जाएं। सुक्खू ने कहा कि प्रदेश में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत 19 लाख 74 हजार 790 राशन कार्ड धारक हैं, जिन्हें 5197 उचित मूल्य की दुकानों के जरिए उपदान दरों पर विभिन्न खाद्यान्न प्रदान किये जा रहे हैं।

3) हिमाचल भवन व सदन दिल्‍ली सहित चंडीगढ़ में किराया हुआ डबल, जानिए नया रेट

शिमला : हिमाचल भवन एवं सदन दिल्ली सहित हिमाचल भवन चंडीगढ़ में अब सभी के लिए कमरों का एक समान तय कर दिया है। हिमाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री सहित मंत्रियों व विधायकों से लेकर आम लोगों को प्रदेश भवन में ठहरने हेतु 1200 रुपए किराया चुकाना होगा। इस संबंध में हिमाचल सरकार ने शुक्रवार को नोटिफिकेशन जारी कर दी है।

मुख्यमंत्री के लिए भी रहेगा यही रेट

हाईकोर्ट के न्यायाधीशों, निगमों-बोर्डों के अध्यक्षों-उपाध्यक्षों, सांसदों, हिमाचल सरकार के कर्मचारियों व अधिकारियों, पूर्व मुख्यमंत्री, एमपी, मंत्री, चेयरमैन, वाइस चेयरमैन सहित सेवानिवृत कर्मचारी-अधिकारियों हेतु भी यही रेट लागू होंगे। प्रदेश भवन दिल्ली, चंडीगढ़ एवं हिमाचल सदन दिल्ली में एक कमरे का किराया 250 और 500 रुपये होता था जिसे बढ़ाकर 1200 रुपए कर दिया गया है।

गैर हिमाचली भी इसी रेट पर करवा सकते हैं कमरा बुक

इसके अतिरिक्त मंत्रियों, नेताओं के परिवार हेतु भी 1,200 रुपये पर ही कमरा उपलब्ध होगा। उनको किराए में किसी प्रकार की छूट नहीं दी जाएगी। साथ ही प्रदेश में तैनात केंद्रीय कर्मचारियों एवं राष्ट्रीय दैनिक समाचार पत्रों के संपादकों, राज्य सरकार से मान्यता प्राप्त पत्रकारों के लिए भी यही व्यवस्था रहेगी। हिमाचली एवं गैर हिमाचली भी इसी रेट पर कमरा बुक करवा सकेंगे।

4) 4 और 5 जून को हमीरपुर प्रवास पर रहेंगे राज्यपाल शिव प्रताप

हमीरपुर : राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल 4 व 5 जून को हमीरपुर के प्रवास पर रहेंगे। राजभवन से प्राप्त प्रवास कार्यक्रम के अनुसार राज्यपाल 4 जून को सुबह लगभग सवा 9 बजे हैलीकॉप्टर के जरिए हमीरपुर पहुंचेंगे। इसके बाद राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान में की जा रही उत्तर क्षेत्रीय पर्यावरण कार्यशाला में बतौर मुख्यातिथि हिस्सा लेंगे। इसी दिन दोपहर को वह समीरपुर जाएंगे, जहां पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल से भेंट करेंगे। इसके बाद शाम को राज्यपाल ग्राम पंचायत नेरी का दौरा भी करेंगे और आम लोगों से संवाद करेंगे।

नए कैंपस का निरीक्षण कर होंगे पालमपुर रवाना

5 जून को सुबह साढ़े 9 बजे वह जिले के अधिकारियों के साथ बैठक भी करेंगे। इसी दिन दोपहर बाद वह डॉ राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज के निर्माणाधीन नए कैंपस का निरीक्षण करेंगे और उसके पश्चात पालमपुर रवाना हो जाएंगे।

5) ब्रेक फेल होने के बाद पहाड़ी से टकराई HRTC बस, टला बड़ा हादसा

शिमला : राजधानी शिमला के रोहड़ू में शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा होने से टला है। रोहड़ू के तांगण से चिड़गांव जा रही एचआरटीसी की बस पहाड़ी से टकराई। हादसे में करीब 44 यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। सभी घायलों को सामुदिक स्वास्थ्य केंद्र संदासू ले जाया गया है।

बस को पहाड़ी की ओर काटा

जानकारी के अनुसार बस सुबह तांगणू से चिड़गांव जा रही थी धमवाड़ी पहुंचने से करीब दो किलोमीटर पहले अडकूनी घाट नामक स्थान पर बस की ब्रेक फेल हो गई। जिसके बाद चालक ने समझदारी दिखाते हुए बस को पहाड़ी की ओर काटा। जिससे बस पहाड़ी से टकरा गई। ऐसे में बड़ा हादसा होने से टल गया। पहाड़ी से टकराने के बाद यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। अगर बस सड़क से दूसरी ओर पलट गई होती तो कोई बड़ा हादसा हो सकता था।

चालक की होशियारी से बची यात्रियों की जान

हादसे की पुष्टि करते हुए कार्यकारी बस अड्डा प्रभारी चिड़गाव विमलेश ने बताया कि चालक की होशियारी से बड़ा हादसा होने से टला है। उन्होंने कहा सभी लोग खतरे से बाहर हैं। नायब तहसीलदार चिड़गाव सौरभ धीमान ने बताया हादसे की सूचना मिलते ही टीम को अस्पताल व घटनास्थल पर भेज दिया गया था।

6) पाकिस्तान को हराकर भारत ने चौथी बार जीता जूनियर एशिया कप खिताब

विशेष समाचार : भारतीय जूनियर पुरुष हॉकी टीम ने गुरूवार को पाकिस्तान को 2-1 से हराकर चौथी बार एशिया कप खिताब अपने नाम किया है। आठ वर्ष बाद हो रहे इस टूर्नामेंट को देखने हेतु काफी संख्या में भारतीय एवं पाकिस्तानी प्रशंसक जुटे थे। अंगद बीर सिंह ने 13वें, अरिजीत सिंह ने 20वें मिनट में गोल किए। पाकिस्तान की तरफ से एकमात्र गोल 37वें मिनट में अब्दुल बशरत ने किया।

पुरुष जूनियर विश्वकप के लिए टीम क्वालिफाई

भारतीय टीम ने टूर्नामेंट में अपना अजेय प्रदर्शन कर मलयेशिया में होने वाले अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ पुरुष जूनियर विश्वकप हेतु भी क्वालिफाई कर लिया है। इससे पहले भारत ने 2004, 2008 व 2015 में जूनियर एशिया कप हॉकी का खिताब जीता था।

7) ऐतिहासिक चौगान चम्बा में पुस्तक प्रदर्शनी का हुआ आगाज

चम्बा : ऐतिहासिक चम्बा चौगान में आज से पुस्तक प्रदर्शनी का विधिवत शुभारंभ हो गया है। इस प्रदर्शनी का शुभारंभ चम्बा सदर के विधायक नीरज नैय्यर द्वारा किया गया। उन्होंने इस प्रयास के लिए आयोजकों की काफी सराहना भी की। नीरज नैय्यर ने बताया कि आज के युग में युवा मोबाईल एवं लैपटॉप में ही अधिकतर समय व्यतीत करते हैं। जिसका असर उनकी आंखों व स्वास्थ्य पर देखने को मिल एह है। ऐसे में पुस्तक प्रदर्शनी के आयोजन से युवाओं में पुस्तकें पढ़ने का रूझान पैदा होगा।

पुस्तकें ही मानव की सच्ची मित्र

उन्होंने कहा कि इस पुस्तक प्रदर्शनी में सभी आयु वर्ग के पाठकों हेतु कई विषयों कहानी, उपन्यास, महापुरूषों की जीवनियां, साहित्य, लोक-संस्कृति व अन्य विषयों पर आधारित बेहतरीन पुस्तकें उपलब्ध करवाई हैं। उन्होंने जिलावासियों विशेषकर युवाओं से आह्वान किया है कि वे पर्दशनी में पहुंचकर पुस्तकें अवश्य पढ़ें। पुस्तकें ही मानव की सच्ची मित्र होती हैं और ज्ञानवर्धन में अहम भूमिका निभाती हैं।

ऐतिहासिक चौगान में सजाई पुस्तक प्रदर्शनी

पुस्तक कुटीर हटनाला की तरफ से रतन चंद ने कहा कि वे बीते कई वर्षों से ऐतिहासिक चौगान में पुस्तक प्रदर्शनी का आयोजन कर रहे हैं, लेकिन कुछ निजी कारणों सहित कोरोना महामारी के चलते बीते कुछ सालों से यह आयोजन नहीं कर पाए थे। ऐसे में अब एक बार फिर से ऐतिहासिक चौगान में पुस्तक प्रदर्शनी सजाई गई है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया है कि कला केंद्र में सजी इस प्रदर्शनी में पहुंचकर अपना ज्ञानवर्धन अवश्य करें।

8) बड़ी सफलता : पुलिस ने गाडी से पकड़ी शराब की 49 पेटी

सिरमौर : हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर के उपमंडल के अंतर्गत धौलाकुआं में नाहन की एसआईयू टीम ने बड़ी सफलता प्राप्त की है। इस दौरान टीम ने एक गाड़ी से 49 पेटी शराब बरामद की है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर लिया है।

शक के आधार पर की गाडी की जांच

जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि धौलाकुआं से पांवटा साहिब की ओर एक गाड़ी में अवैध शराब की खेप लाई जा रही है। सूचना पर अमल करते हुए टीम ने धौलाकुआं के निकट नाका लगाया हुआ था। इस दौरान सामने से हरियाणा नंबर की गाड़ी को जांच हेतु रोका गया। जिसके बाद गाड़ी से अंग्रेजी व देशी शराब की 49 पेटियां बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी से शराब से संबंधित दस्तावेज दिखाने हेतु कहा, लेकिन चालक उससे संबंधित कोई दस्तावेज नहीं दिखा पाया। मामले की पुष्टि करते हुए एएसपी सोमदत्त ने बताया कि चालक ने अपना नाम कुणाल उर्फ कन्नु पुत्र रणवीर सिंह निवासी कोलर बताया है। पुलिस ने गाड़ी व शराब को कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

9) 12 वर्षीय मासूम के साथ पड़ोसी युवक ने किया दुष्कर्म, मामला दर्ज

ऊना : जिला मुख्यालय के साथ लगते एक गांव में नाबालिगा के साथ दुराचार करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने पड़ोस के ही 20 वर्षीय युवक के खिलाफ पोक्सो एक्ट समेत विभिन्न धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।

युवक के खिलाफ मामला दर्ज

शिकायत में महिला ने बताया कि गुरूवार देर शाम रोजाना की तरह काम के लिए गई थी। काम से वापस लौट कर देखा तो छोटी बेटी घर पर नहीं थी। इस दौरान बड़ी बेटी ने बताया कि बहन पड़ोसी के घर गई है। बेटी को पड़ोस के घर से लाकर पूछा तो पता चला कि युवक ने दुष्कर्म किया है। इसके बाद उसकी मां ने तुरंत पुलिस से इसकी शिकायत की। पुलिस ने महिला की शिकायत पर युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है। एसपी अर्जित सेन ने बताया कि पुलिस युवक को हिरासत में लेकर शीघ्र पूछताछ करेगी।

10) भारी ओलावृष्टि से सेब की फसल तबाह, बागवानों के मुरझाए चेहरे

हिमाचल के कई हिस्सों में ओलावृष्टि से सेब सहित अन्य फलों को काफी नुकसान पहुंचा है। जिसमें कुल्लू की नित्थर उपतहसील के विभिन्न क्षेत्रों में भारी ओलावृष्टि से सेब की फसल तबाह हो गई है। सेब से अन्य फलों को भी ख़ासा नुक्सान हुआ है। मौसम के कहर से बागवानों की मेहनत पर पानी फिर गया है। प्रभावित बागवानों ने उद्यान विभाग व प्रशासन से नुकसान के आकलन की गुहार लगाई है।

टमाटर और शिमला मिर्च की रोपाई भी प्रभावित

बारिश के चलते सामरिक मार्ग मनाली-लेह पर वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है। शुक्रवार को भी रोहतांग दर्रा में हल्की बर्फबारी हुई। उधर, सिरमौर में बारिश के चलते लहसुन व प्याज की फसल बर्बाद हो रही है।वहीं, लगातार हो रही बारिश के चलते टमाटर और शिमला मिर्च की रोपाई भी प्रभावित हुई है। बता दें मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने प्रदेश के कई भागों में 6 जून तक मौसम खराब रहने की संभावना जताई है। साथ ही कुछ भागों में अंधड़ चलने का येलो अलर्ट भी जारी किया है।

Does this topic interest you?

STAY UP TO DATE WITH HIMACHALBLOGS!

Subscribe to our newsletter and stay up to date with latest Blogs.

Paonta Sahib, is a significant religious and historical town located...

12 September 2023 5 min Read

Wanna explore something new in Himachal Pradesh, head to this...

31 August 2023 5 min Read

Una District stands as a testament to the state's natural beauty...

24 August 2023 5 min Read