Himachalblog Logonewsहिमाचल की Top 10 खबरें ! 24 मई
24 May 2023 5 mins read

हिमाचल की Top 10 खबरें ! 24 मई

24 May 2023 5 mins read
हिमाचल की Top 10 खबरें ! 24 मई

Himachal news
Himachal news
Happy
0

1) हिमाचल : बॉक्सिंग के लिए होगा ट्रायल, इस दिन पहुंचे ट्रेनिंग सेंटर

बिलासपुर : भारतीय खेल प्राधिकरण क्षेत्रीय केंद्र चंडीगढ़ द्वारा आवासीय योजना के अंतर्गत बॉक्सिंग के लिए खिलाड़ियों का चयन करने हेतु ट्रायल लिया जा रहा है। यह ट्रायल 26-27 मई को ट्रेनिंग सेंटर बिलासपुर में किया जाएगा। बॉक्सिंग अनुशासन योजना में 10 से 18 वर्ष आयु के लड़के हिस्सा ले सकते हैं। जिसमें 12 से 14 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।

इन दस्तावेजों को साथ लेकर पहुंचे

चयनित खिलाड़ियों को एसटीसी के अनुसार निशुल्क बोर्डिंग, बीमा, आवास, खेल किट, चिकित्सा सुविधाएं और अन्य सुविधाएं प्रदान की जायेगी। इच्छुक खिलाड़ी ट्रायल में भाग लेने के लिए आवश्यक दस्तावेज जैसे जन्म प्रमाण पत्र, स्पोर्ट्स सर्टिफिकेट ओरिजिनल के साथ-साथ अटेस्टेड फोटोकॉपी, आधार कार्ड, तीन पासपोर्ट साइज फोटो साथ लेकर जाएं।

इतने बजे पहुंचना होगा ट्रेनिंग सेंटर

बता दें पात्र खिलाड़ी लड़कों को 26 मई को सुबह 09 बजे ट्रेनिंग सेंटर बिलासपुर में पहुंचना होगा। ट्रायल में हिस्सा लेने वाले प्रतिभागियों को कोई टीए/डीए नहीं दिया जाएगा। अधिक जानकारी के लिए केंद्र प्रभारी से मोबाईल नंबर 01978-222405, 9418630666, कार्य दिवस व समय में संपर्क कर सकते हैं।

boxing

2) हिमाचल प्रदेश पुलिस विभाग जल्द भरेगा कांस्टेबलों के खाली पद

शिमला : हिमाचल पुलिस में जाने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए एक बडी खुशखबरी है। हिमाचल पुलिस विभाग जल्द ही 1,226 कांस्टेबलों के पद भरेगा। जिसमें 877 पुरुष, 57 ड्राइवरों व 292 महिला कांस्टेबल के पद भरे जाएंगे। इस मामले को पुलिस मुख्यालय ने वित्त विभाग के समक्ष रखा है। डीजीपी संजय कुंडू ने बताया कि पुलिस विभाग के उक्त प्रस्ताव पर वित्त विभाग ने विवरण मांगा है। जिसके पश्चात सरकार भर्ती पर निर्णय लेगी।

जिलों में पुलिस कर्मचारियों की भारी कमी

बता दें पुलिस महकमे में कांस्टेबलों के सैकड़ों पद रिक्त हैं। हिमाचल के जिलों में पुलिस कर्मचारियों की भारी कमी चल रही है। पुलिस मुख्यालय का मानना है कि उक्त पदों पर नए कांस्टेबलों की भर्ती होने से कर्मचारियों पर कार्य का अतिरक्त बोझ कम हो जाएगा।

3) हिमाचल में ऑरेंज अलर्ट के बीच अंधड़ ने मचाई तबाही

शिमला : हिमाचल में ऑरेंज अलर्ट के बीच कई क्षेत्रों में अंधड़ ने भारी तबाही मचाई है। जिला सिरमौर में कई घरों की छतें उड़ गईं। वहीं कई जगह गाड़ियों पर पेड़ गिर गए। इसके अलावा कुल्लू जिले में भी मूसलाधार बारिश हो रही है। साथ ही लाहौल की ऊंची चोटियों में बर्फ के फाहे गिरे हैं। ऑरेंज अलर्ट के चलते कुल्लू का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। वहीं कई जगहों पर भूस्खलन होने से सड़कें बंद हो गयी है।

पैराग्लाइडिंग एवं रिवर राफ्टिंग को भी रोका

खराब मौसम के चलते पैराग्लाइडिंग एवं रिवर राफ्टिंग को भी रोक दिया है। जिला बिलासपुर में अंधड़ से कई जगह पेड़ व बिजली के खंभे गिर गए। उपायुक्त कार्यालय के बाहर बिजली का खंभा गिरने से अधिकतर सरकारी कार्यालयों की बिजली भी गायब हो गयी है। इसके आलावा फलों और सब्जियों को भी काफी नुकसान पहुंचा है। हिमाचल प्रदेश की सीमा सरचू में फंसे सामान से लदे 50 ट्रकों को लेह हेतु रवाना किया है। इसके साथ ही मनाली-लेह मार्ग पर वाहनों की आवाजाही सामान्य रूप से चल रही है।

27 मई तक मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान

बुधवार को मनाली की ओर से ईवन तिथि के अंतर्गत वाहनों को भेजा गया है। बारालाचा में मंगलवार रात को बर्फबारी के बीच सैकड़ों ट्रक लेह से मनाली की ओर भेजे गए। बता दें 27 मई तक प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम खराब बना रहने का पूर्वानुमान है। हिमाचल प्रदेश में बदले मौसम के मिजाज से बीते दो दिनों से पड़ रही गर्मी से लोगों को कुछ राहत मिली है।

4) डीसी के सामने फूट-फूटकर रोए बच्चों के अभिभावक, स्कूल में अध्यापकों की करें तैनाती

हिमाचल के जिला चम्बा में बच्चों के अभिभावक डीसी के समाने फूट-फूटकर रोए। अभिभावकों ने डीसी चम्बा अपूर्व देवगन से स्कूल में स्थायी अध्यापक भेजने की मांग की है। अभिभावकों ने बताया कि छुद्रा राजकीय प्राथमिक पाठशाला में स्थायी अध्यापक न होने से बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ हो रहा है। ऐसे में उनका भविष्य दांव पर लगा हुआ है। इस मौके पर बच्चों के अभिभावकों सहित स्कूल प्रबंधन कमेटी के सदस्य भी पहुंचे थे। डीसी अपूर्व देवगन ने आशवासन दिया है कि जल्द ही स्कूल में स्थायी अध्यापक भेजे जाएंगे। ऐसे में बच्चों की पढ़ाई प्रभावित नहीं होगी।

5) आधुनिक शिक्षा का नमूना होंगे डे-बोर्डिंग स्कूल : रोहित ठाकुर

नगरोटा बगवां : शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने बुधवार को यानी आज बलधर में प्रस्तावित मॉडर्न आईटीआई एवं रनहुँ नियांडा में डे बोर्डिंग स्कूल के लिए चयनित भूमी का निरीक्षण किया। इस मौके पर नगरोटा बगवां के विधायक और प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष आरएस बाली भी साथ रहे। उन्होंने बताया कि बहुत जल्द नगरोटा बगवां के बलधर में मॉडर्न आई टी आई का भूमि पूजन कर निर्माण आरंभ कर दिया जाएगा।

सर्वांगीण विकास की सभी सुविधाएं होगी प्रदान

उन्होंने कहा कि बोर्डिंग स्कूल आधुनिक शिक्षा को बढ़ावा देने हेतु एक नमूना होगा। बच्चों को बेहतर शिक्षा के साथ सर्वांगीण विकास की सभी सुविधाएं प्रदान होगी। प्रथम चरण में चयनित 12 स्कूलों में से 6 जिला कांगड़ा में स्थापित किये जायेंगे। इस दौरान उन्होंने जिला कांगड़ा को हर दृष्टि से महत्वपूर्ण जिला बताते हुए इसे बहुत आगे तक ले जाने की सरकार की प्रतिवद्धता दोहराई। इसके साथ ही उन्होंने नगरोटा के विकास हेतु स्वर्गीय जीएस बाली के प्रयासों को भी सराहा है।

6) HRTC को घाटे से उबारने का प्लान, जानिए क्या बोले डिप्टी सीएम

शिमला : हिमाचल प्रदेश में 1.350 करोड़ के घाटे तले दबे HRTC को उबारने के लिए डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने कई कदम उठाने की बात कही है। एचआरटीसी को घाटे से उबारने हेतु इस बार टैक्स को 675 करोड़ से बढ़ाकर 850 करोड करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके अतिरिक्त अवैध वोल्वो बसों पर नकेल कसने हेतु कानून लाया जाएगा। जिससे सरकार को सालाना दस करोड़ का राजस्व प्राप्त होगा।

टैक्स के रूप में 10 करोड़ राजस्व की होगी प्राप्ति

शिमला में सड़क सुरक्षा और परिवहन विभाग की समीक्षा बैठक के पश्चात डिप्टी सीएम मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि हिमाचल में 21 लाख 50 हजार वाहन पंजीकृत हैं। जिनमें से 18 लाख 45 हजार नॉन ट्रांसपोर्ट के हैं, जबकि 3 लाख 8 हजार ट्रांसपोर्ट के हैं। हिमाचल प्रदेश के 15 लाख 12 हजार लोगों के पास वाहन लाइसेंस हैं। केवल 1 लाख 12 हजार महिलाएं लाइसेंस धारक हैं। मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि अवैध रूप से चलने वाली वोल्वो बसों से टैक्स के रूप में 10 करोड़ राजस्व की प्राप्ति होगी।

उठाए जाएंगे कड़े कदम

प्रदेश में बिना नंबर के कोई भी गाड़ी नहीं चलेगी। HRTC में दलाली भ्रष्टाचार को दूर करने हेतु कड़े कदम उठाए जाएंगे। जो अधिकारी अच्छा काम करेंगे उनका सम्मान किया जाएगा। हिमाचल में 15 साल पुरानी गाड़ियां नहीं चलेगी।

7) यूजीसी नेट दिसंबर 2022 को लेकर बड़ी अपडेट, जानिए डिटेल

विशेष समाचार : यूजीसी नेट दिसंबर 2022 को लेकर एक बड़ी अपडेट है। यूजीसी नेट दिसम्बर -2022 के सर्टिफिकेट जारी कर दिए गए हैं। बता दें कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने विश्वविद्यालय अनुदान आयोग राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा 7वीं बार आयोजित किया था। बता दें यूजीसी नेट दिसंबर 2022 चक्र में टेस्ट 21 फरवरी 2023 से 16 मार्च 2023 तक आयोजित किया गया था। इस दौरान 83 विषयों का कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट- पांच चरणों में 17 दिन में 32 शिफ्ट में आयोजित हुआ था।

अधिक जानकारी के लिए यहां करें संपर्क

यूजीसी नेट दिसंबर 2022 का रिजल्ट 13 अप्रैल 2023 को घोषित किया गया था। यूजीसी नेट दिसंबर 2022 के सर्टिफिकेट अब ई- सर्टिफिकेट वेबसाइट पर उपलब्ध हो गए हैं। अगर किसी अभ्यर्थी को सर्टिफिकेश डाउनलोड करने में कोई परेशानी हो रही है तो वह ugcnet@nta.ac.in और ecertificate@nta.ac.in पर मेल कर सकते हैं। इसके साथ अधिक जानकारी हेतु NTA की वेबसाइट पर विजिट कर सकते हैं।

8) हिमाचल में विकसित होंगे गुणवत्तापूर्ण प्रजातियों के 60 लाख पौधे : सुक्खू

धर्मशाला : मुख्यमंत्री सुक्खू ने शिमला में आयोजित जाईका की वानिकी व प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन परियोजनाओं की तीन दिवसीय कार्यशाला को धर्मशाला से वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। इस अवसर पर हिमाचल के हरित आवरण को बढ़ाने पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्रदेश राज्य में करीब 28 प्रतिशत हरित आवरण है। हिमाचल सरकार ने वर्ष 2030 तक इसे बढ़ाकर 30 प्रतिशत करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

गुणवत्तापूर्ण प्रजातियों के पौधे विकसित करने का रखा लक्ष्य

उन्होंने कहा कि इस उद्देश्य की पूर्ति हेतु जाईका द्वारा वित्त पोषित वानिकी व एनआरएम परियोजनाओं ने प्रदेश में हरित क्षेत्र को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। पिछले दो वर्षों में उन्नत तकनीकों की सहायता से 4 हजार 600 हेक्टेयर से अधिक भूमि पर पौधारोपण किया है। सामुदायिक और वानिकी उद्देश्यों हेतु परियोजनाओं के माध्यम से उच्च गुणवता वाली पौध तैयार करने व 60 लाख से ज्यादा महत्वपूर्ण गुणवत्तापूर्ण प्रजातियों के पौधे विकसित करने का लक्ष्य रखा है। इसके आलावा राज्य भर में 72 नर्सरी का नवीकरण किया जा रहा है।

वन संपदा को संरक्षित एवं बढ़ाने की जरुरत पर दिया बल

सुक्खू ने कहा कि प्रदेश जैसे कृषि प्रधान राज्य में वन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। हिमाचल की अधिकांश आबादी अपनी आजीविका और अन्य रोजमर्रा की जरूरतों हेतु वन संसाधनों पर ज्यादा निर्भर है। जलवायु परिवर्तन पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने पर्यावरण हितैषी संसाधनों एवं समाधानों की खोज व वन संपदा को संरक्षित एवं बढ़ाने की जरुरत पर बल दिया।

परियोजना के प्रयासों की सराहना की

सीएम सुक्खू ने सात जिलों में 460 ग्राम वन विकास समितियों व 900 से ज्यादा स्वयं सहायता समूहों के गठन के जरिये संयुक्त वन प्रबंधन गतिविधियों के सुदृढ़ीकरण हेतु परियोजना के प्रयासों की सराहना की। परियोजना में वन आधारित समुदायों एवं वन विभाग के कर्मचारियों हेतु कौशल उन्नयन और क्षमता निर्माण को भी प्राथमिकता दी है। जलवायु परिवर्तन सहित अन्य आपदाओं से उत्पन्न जोखिमों को कम करने के लक्ष्य से 15 हजार से ज्यादा व्यक्तियों को आजीविका गतिविधियों और वनों के सुधार के दृष्टिगत प्रशिक्षित किया है।

भविष्य में सकारात्मक परिणाम आएंगे सामने

मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल को हरित राज्य बनाना वर्तमान प्रदेश सरकार की मुख्य प्राथमिकता है। इस दिशा में हिमाचल सरकार ने कई पहल की हैं। ऐसे में भविष्य में इसके सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे। उन्होंने कहा कि जाईका द्वारा वित्तपोषित परियोजना प्रदेश को हरित राज्य बनाने की परिकल्पना को साकार करने में विशेष भूमिका निभाएगी। उन्होंने वन विभाग को परियोजना के दूसरे चरण की तैयारी आरंभ करने व जो क्षेत्र पहले चरण में शामिल नहीं थे उन्हें सम्मलित करने के लिए कहा है।

9) एक माह से था लापता, आज जंगल में पेड़ से लटकी मिली लाश

ऊना : ऊना जिला के अंतर्गत पुलिस थाना हरोली के गांव बढेड़ा में एक व्यक्ति का शव पेड़ से लटका हुआ मिला है। मृतक की पहचान मदन लाल (55) उर्फ छोटू निवासी गावं बढेड़ा के रूप में हुई है। मृतक मदन लाल लगभग एक महीने से लापता था। जिसकी शिकायत पुरिजनों ने पुलिस को भी दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है। मृतक मदन लाल ने आत्महत्या की है या फिर किसी ने मौत के घाट उतारा है इसकी जाँच की जा रही है।

लोगों ने देखी पेड़ से लटकी लाश

जानकारी के अनुसार मृतक मदन लाल निवासी बढेड़ा बीते 24 अप्रैल को अचानक घर से लापता हो गया था। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल पाया। जिसके बाद परिजनों ने पुलिस को भी शिकायत दी है। बुधवार सुबह बढेड़ा के ग्रामीण जंगल में लकड़ियां काटने गए तो उन्होंने पेड़ पर लटकता शव देखा। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना ग्राम पंचायत प्रधान सहित परिजनों को दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। इस दौरान पुलिस ने परिजनों के बायन दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम हेतु क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया गया। बताया जा रहा है कि मृतक मदनलाल मानसिक रूप से कमजोर था एवं आंशिक रूप से पैरालाइज का मरीज भी था। डीएसपी हरोली मोहन रावत ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच आरंभ कर दी है। मदन लाल की हत्या हुई या आत्महत्या की है, सभी पहलुओं को लेकर पड़ताल की जा रही है।

10) टीवी इंडस्ट्री को बड़ा झटका, नहीं रहे ‘अनुपमा’ ऐक्टर नीतीश पांडे

समाचार विशेष : टीवी इंडस्ट्री को एक बार फिर से बड़ा झटका लगा है। साराभाई वर्सेज साराभाई फेम ऐक्ट्रेस वैभवी उपाध्याय की मौत ने टीवी इंडस्ट्री को स्तब्ध कर दिया था। इसके बाद अब अब एक और दिग्गज टीवी ऐक्टर दुनिया को अलविदा कह गए हैं। “अनुपमा” शो में रूपाली गाँगुली की दोस्त देविका के पति का किरदार निभाने वाले ऐक्टर नीतीश पांडे का निधन हो गया है। मौत की खबर सुनकर पूरी टीवी इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ पड़ी है। उनकी मौत की खबर सुन उनके फैंस भी दुख में डूब गए हैं।

इस कारण हुई मौत

बीती रात अनुपमा फेम नीतीश पांडे ने कार्डियक अरेस्ट के कारण दुनिया को अलविदा कह दिया। अभिनेता ने 51 साल की उम्र में अंतिम सांस ली है। बता दें अभिनेता नीतीश पांडे बॉलीवुड में भी अपने अभिनय का दमखम दिखा चुके हैं। वह फिल्म “ओम शांति ओम” में बॉलीवुड के किंग खान के साथ भी कार्य कर चुके हैं।

Does this topic interest you?

Main logo

STAY UP TO DATE WITH HIMACHALBLOGS!

Subscribe to our newsletter and stay up to date with latest Blogs.